28 Mar 2024, 14:50:46 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Business

प्याज के बाद अब जनता को लगने वाला है ये बड़ा झटका

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jan 11 2020 12:43PM | Updated Date: Jan 11 2020 12:43PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

मुंबई। प्याज की आपूर्ति बढऩे पर दाम में नरमी आने लगी है, लेकिन खाद्य तेल की महंगाई आसमान छूने लगी है। बीते एक महीने में क्रूड पाम तेल (सीपीओ) के दाम में करीब 15 फीसदी का इजाफा हुआ है। मलेशिया से रिफाइंड पाम तेल के आयात पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद शुक्रवार को पाम तेल की कीमत नई ऊंचाई पर चली गई।
 
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर शुक्रवार को सीपीओ के तमाम वायदा सौदों में तेजी रही जबकि जनवरी एक्सपायरी वायदा अनुबंध में सीपीओ का भाव 839.80 रुपये प्रति 10 किलो तक उछला जोकि अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। एक महीने पहले 10 दिसंबर को एमसीएक्स पर सीपीओ का भाव 731.40 रुपये प्रति 10 किलो था। इस प्रकार बीते एक महीने में सीपीओ के दाम में 15 फीसदी का उछाल आया है। पाम तेल का आयात महंगा होने के कारण सभी खाद्य तेलों में लगातार तेजी बनी हुई है।
 
केंद्रीय उपभोक्ता मामले उपभोक्ता मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध खुदरा मूल्य के अनुसार, देश की राजधानी दिल्ली में सरसों तेल के दाम में बीते एक महीने में 12 रुपये प्रति किलो का इजाफा हुआ है। दिल्ली में 10 दिसंबर 2019 को सरसों तेल का दाम 124 रुपये प्रति किलो था जो 10 जनवरी 2020 को 136 रुपये प्रति किलो हो गया। वहीं, पाम तेल का दाम दिल्ली में एक महीने में 91 रुपये से बढक़र 105 रुपये किलो हो गया है। दिल्ली में सोया तेल का भाव एक महीने में 106 रुपये से बढक़र 122 रुपये प्रति किलो हो गया है।
 
वहीं, थोक भाव की बात करें तो जयपुर में कच्ची घानी सरसों तेल का भाव शुक्रवार को 954 रुपये प्रति 10 किलो था जो एक महीने पहले 10 दिसंबर 2019 को 905 रुपये प्रति 10 किलो था। मध्यप्रदेश स्थित बेंचमार्क मंडी इंदौर में 10 जनवरी 2020 को सोया तेल का भाव 945 रुपये प्रति 10 किलो था जोकि एक महीने पहले 10 दिसंबर 2019 को 860 रुपये प्रति 10 किलो था। रिफाइंड पाम तेल यानी आरबीडी (रिफाइंड ब्लीच्ड एंड ड्यूडराइज्ड) का भाव गुजरात के कांडला पोर्ट पर शुक्रवार को 890 रुपये प्रति 10 किलो था जोकि एक महीने पहले नौ दिसंबर 2019 को 810 रुपये प्रति 10 किलो था। सूर्यमुखी रिफाइंड का भाव कांडला पोर्ट पर 10 जनवरी 2020 को 960 रुपये प्रति 10 किलो था जोकि एक महीने पहले 860 रुपये प्रति 10 किलो था।
 
मलेशिया में आरबीडी पामोलीन का दाम शुक्रवार को 800 डॉलर प्रति टन (एफओबी) था जबकि एक महीने पहले 10 दिसंबर को मलेशिया में आरबीडी पामोलीन का दाम 710 डॉलर प्रति टन था। भारत ज्यादातर सोया तेल का आयात अर्जेंटीना से करता है जहां नौ दिसंबर 2019 को सोया तेल का भाव 741.25 डॉलर प्रति टन (एफओबी) था नौ जनवरी 2020 को बढक़र 823 डॉलर प्रति टन हो गया। गौतलब है कि भारत सरकार ने बुधवार को मलेशिया से रिफाइंड पाम तेल आयात को प्रतिबंधित श्रेणी में डाल दिया, हालांकि क्रूड पाम तेल (सीपीओ) का आयात मलेशिया से जारी रहेगा।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »