संयुक्त राष्ट्र। सबसे बड़े वैश्विक संगठन की स्थापना की 73वीं वर्षगांठ के मौके पर संयुक्त राष्ट्र में सीता राम की धुन गूंजी। जी हां, यूएन डे पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में सरोद वादक उस्ताद अमजद अली खान और उनके बेटों अमान अली बंगश और अयान अली बंगश ने शानदार प्रस्तुति दी। आपको बता दें कि इस साल की थीम शांति और अहिंसा की परंपरा रखी गई थी। खास बात यह है कि थीम का सिलेक्शन भारत ने किया, जो राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों से प्रेरित है। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुटेरेस ने हाल की अपनी नई दिल्ली यात्रा का जिक्र किया।