नई दिल्ली। बीजेपी सरकार को विपक्ष जहां एक तरफ माल्या और नीरव मोदी को लेकर घेरने में लगा है। वहीं गुजरात की कंपनी स्टर्लिंग बायोटेक का मालिक नितिन जयंतीलाल संदेसरा और उसका परिवार यूएई से भी फरार हो चुका है। संदेसरा भारत में 5,383 करोड़ रुपए के बैंक लोन घोटाले का आरोपी है। पहले ऐसी खबर थी कि वह दुबई में हैं, लेकिन अब खबर आ रही है कि वह संभवतः नाइजीरिया भाग गया है।
ईडी और सीबीआई से जुड़े शीर्ष सूत्रों ने बताया कि माना जा रहा है कि नितिन, भाई चेतन संदेसरा, भाभी दीप्तिबेन संदेसरा और परिवार के अन्य सदस्य नाइजीरिया में छिपे हुए हैं। भारत का नाइजीरिया के साथ कोई प्रत्यर्पण समझौता नहीं है और उन्हें अफ्रीकी देश से वापस लाना कठिन होगा।
हालांकि, जांच एजेंसियों ने यूएआई अथॉरिटी को संदेसरा की गिरफ्तारी का आवेदन देने का फैसला किया है। इसके अतिरिक्त संदेसरा परिवार के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी करने का प्रयास किया जा रहा है। अभी यह नहीं पता चल पाया है कि संदेसरा परिवार भारतीय पासपोर्ट के साथ नाइजीरिया घूम रहा है या फिर किसी और देश के पासपोर्ट के साथ।