29 Mar 2024, 05:31:40 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

पाक की फायरिंग पर बोला भारत - अब रमजान में हमें भी तोड़ना पड़ेगा सीजफायर

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jun 4 2018 10:40AM | Updated Date: Jun 4 2018 10:41AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

श्रीनगर। पाकिस्तान ने एक बार फिर युद्ध विराम का उल्लंघन किया है। शनिवार देर रात पाकिस्तान ने जम्मू- कश्मीर के अखनूर में गोलीबारी की और मोर्टार दागे। इस गोलीबारी में बीएसएफ के दो जवान कॉन्स्टेबल विजय कुमार पांडेय और एएसआई सत्यनारायण यादव शहीद हो गए। 
 
विजय कुमार की 20 जून को शादी होने वाली थी। जैसे ही उनकी शहादत की सूचना घर पहुंची, पूरे गांव में कोहराम मच गया। विजय कुमार और सत्यनारायण अखनूर के परगवाल सेक्टर स्थित भारत-पाक सीमा की उसी पोस्ट पर तैनात थे, जिसे शनिवार देर रात पाकिस्तान रेंजर्स के जवानों द्वारा निशाना बनाया गया था। 
 
15 जून को था तिलक, 20 को शादी, 2 को हो गए शहीद
शहीद विजय कुमार यूपी के फतेहपुर जिले के सठिगंवा इलाके के निवासी थे। उधर, भारत ने पाकिस्तान की हरकत पर कड़ा रूख अख्तियार कर लिया है। भारत ने साफ कहा है कि यदि पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो रमजान में सीजफायर के समझौते को तोड़ने के लिए हम विवश होंगे। शहीद विजय कुमार की 20 जून को शादी होने वाली थी और 15 जून को उनके तिलक की रस्म के लिए घर के सारे लोग तैयारियों में जुटे हुए थे। इतना ही नहीं परिवार के लोगों ने इस समारोह में शामिल होने के लिए सभी को न्योता भी दे दिया था। इस बीच रविवार को विजय की शहादत की सूचना फतेहपुर पहुंची तो सठिगंवा स्थित उनके गांव में कोहराम मच गया। 
 
पलटवार करने का पूरा अधिकार
जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही गोलाबारी और सीमा पार से संघर्षविराम उल्लंघन के बीच केंद्र सरकार ने अब दो टूक कहा है कि अगर पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो रमजान में सीजफायर के समझौते को तोड़ने के लिए हम विवश होंगे।  पिछले ही महीने केंद्र सरकार ने रमजान के पवित्र महीने में सीमा पर सीजफायर का निर्णय लिया था। 
 
केंद्रीय मंत्री हंसराज अहीर ने पाकिस्तान की ओर से थमने का नाम न ले रही गोलाबारी और आतंकी हमलों की घटनाओं को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने कहा कि हमने रमजान को देखते हुए सिक्यॉरिटी आॅपरेशंस न करने का फैसला किया था। हालांकि, पाकिस्तान की ओर से सीमा पार आतंकवाद और युद्धविराम के उल्लंघन में कोई राहत देखने को नहीं मिली है।  ऐसे में हम भी सीजफायर के समझौते को तोड़ने के लिए विवश होंगे। युद्धविराम की शर्तों के तहत पलटवार करने का पूरा अधिकार है।
 
रिहायशी इलाके हैं निशाने पर 
भारतीय सुरक्षाबल पाकिस्तान की गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। पाकिस्तान द्वारा अंतर्राष्ट्रीय सीमारेखा पर लगातार 80 एमएम के मोर्टार दागे जा रहे हैं। पाक फायरिंग में सीमावर्ती रिहायशी इलाकों को भी निशाना बनाया जा रहा है। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »