बेंगलुरु। कर्नाटक के पर्यटन मंत्री सी टी रवि ने बुधवार को कहा कि ‘देशद्रोहियों को गोली मारनी चाहिए, बिरयानी नहीं खिलानी चाहिए।’ रवि ने दिल्ली में एक रैली के दौरान दिये गये केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के उस नारे के समर्थन में यह ट्वीट किया है जिसमें उन्होंने नागरिकता (संशोधन) कानून विरोधी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ ‘देशद्रोहियों को गोली मारो’ कहा था। पर्यटन मंत्री ने ट्वीट किया, जो लोग देशद्रोहियों के खिलाफ दिये बयान के लिए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर पर निशाना साध रहे हैं, उन्हीं लोगों ने अजमल कसाब और याकूब मेमन जैसे आतंकवादियों की फांसी का विरोध किया था।
इन लोगों ने टुकड़े-टुकड़े गैंग का समर्थन किया और सीएए के खिलाफ झूठ फैलाया। देशद्रोहियों को गोली मारनी चाहिए, बिरयानी नहीं खिलानी चाहिए। मैं अनुराग ठाकुर के साथ खड़ा हूं। पिछले एक महीने के दौरान कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी के कई नेताओं ने सीएए विरोधी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बयान दिये हैं। इस बीच, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नलिन कुमार कटील ने पार्टी के मंत्रियों और विधायकों को काम पर ध्यान देने और विवादास्पद टिप्पणियों से बचने की सलाह दी है।