भोपाल। गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व 12 नवंबर को मध्यप्रदेश के सभी शासकीय भवनों में विद्युत सज्जा की जाएगी। यह आदेश राज्य शासन ने जारी किए हैं। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व को पूरे प्रदेश में धूमधाम से मनाने के निर्देश दिए थे। इस संबंध में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस 1 नवम्बर को मंत्रालय में 550वें प्रकाश पर्व मनाने के संबंध में गठित समिति की बैठक मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई थी। बैठक में उन्होंने 12 नवंबर को सभी शासकीय भवनों में रोशनी करने को कहा था।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागों, विभागाध्यक्षों, अध्यक्ष राजस्व मंडल ग्वालियर, संभागायुक्त, कलेक्टरों और जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को जारी परिपत्र में 12 नवंबर को गुरुनानक देव के 550वें प्रकाश पर्व पर सभी शासकीय भवनों में प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।