मॉस्को। नाइजीरिया के विदेश मंत्री कालो अंकुराओ ने सोमवार को कहा कि रूस के कई क्षेत्रों में आर्थिक समझौतों को नाइजीरिया जल्द अंतिम रूप देगा। अंकुआरों ने कहा, ‘‘अक्टूबर के अंत में मास्को में आयोजित होने वाली शिखर वार्ता में नाइजीरिया का शीर्ष प्रतिनिधि दल पहुंचेगा और कई मुद्दों पर समझौता करेगा। रूस और नाइजीरिया के बीच आर्थिक सहयोग की अपार संभावनाएं हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास दुर्लभ खनिज पदार्थ हैं जिनका रूस की कंपनियां पता लगाना चाहती हैं।
उन्हें साइबेरिया जैसे मुश्किल क्षेत्र में सुरंगों में काम करने का अच्छा अनुभव है।’’ उन्होंने रूसी कंपनियों के लिये इस क्षेत्र में सोना और कोयला जैसे पदार्थ होने की संभावनाओं को लेकर कहा कि उन्हें उम्मीद है कि दक्षिणी नाइजीरिया से बेनीन के सेमे क्षेत्र में कच्चे तेल की आपूर्ति के लिये पाइपलाइन बिछाने में रूस उनका सहयोग करेगा। यह पाइपलाइन प्रोजेक्ट दरअसल नाइजीरिया और चीन का एक संयुक्त उद्यम है, जिसमें नाइजीरिया की 40 और चीन की 60 प्रतिशत हिस्सेदारी है। रूस और अफ्रीका के बीच अक्टूबर के अंत में सोची शहर में होने वाले शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता रूस और मिस्र के राष्ट्रपति करेंगे। इसमें 40 अफ्रीकी देशों के अध्यक्षों के शामिल होने की भी उम्मीद हैं।