नई दिल्ली। भारतीय नदी मार्ग से पहली बार भूटान से बंगलादेश के लिए आज एक हजार टन छोटे पत्थरों से लदे माल वाहक पोत को रवाना किया गया। पोत परिवहन मंत्री मनसुख लाल मांडवीय ने शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से इस पोत को यहां से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। भूटान से अब तक बंगलादेश पत्थरों का निर्यात सड़क मार्ग से किया जाता था लेकिन पहली बार नदी मार्ग से पोत के जरिए पत्थरों की ढुलाई का काम किया जा रहा है। इस पोत पर एक हजार पत्थरों को बंगलादेश भेजा गया है।
मांडवीय ने इस मौके पर कहा कि जल मार्ग से माल ढुलाई के क्षेत्र में भारत ने आज इतिहास रच दिया। उन्होंने कहा कि इससे न सिर्फ भारत को फायदा होगा बल्कि भूटान तथा बंगलादेश के साथ संबंध भी मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि सड़क मार्ग की तुलना में दोनों देशों के बीच जल मार्ग से पत्थरों की ढुलाई का काम आठ दस दिन पहले हो जाएगा और इससे लागत में 30 प्रतिशत की कमी भी आएगी। उन्होंने कहा कि भूटान से बंगलादेश के लिए ब्रह्मपुत्र जलमार्ग का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि देश में कम से कम दस और जल मार्गों पर तेजी से काम चल रहा है।