नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के संजय सेठ ने गुरुवार को कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की 150वीं जयंती वर्ष में ट्रेनों में ‘बापू बोगी’ शुरू की जानी चाहिये। सेठ ने रेल मंत्रालय की अनुदान माँगों पर लोकसभा में चर्चा के दौरान कहा,‘‘बापू ने तीसरे दर्जे में सफर किया था, लेकिन कांग्रेस ने तीसरा दर्जा ही समाप्त कर दिया। मेरा प्रस्ताव है कि महात्मा गाँधी की 150वीं जयंती पर बापू बोगी शुरू की जाये।’’ झारखंड की राजधानी राँची से सांसद सेठ ने शहर में रेलवे का क्षेत्रीय कार्यालय बनाने की माँग की। उन्होंने कहा कि राँची और राज्य की औद्योगिक राजधानी जमशेदपुर के बीच रोजाना हजारों की संख्या में यात्री सफर करते हैं। उनकी सुविधा के लिए दोनों शहरों के बीच शटल ट्रेन चलाई जाये। उन्होंने जमशेदपुर के रास्ते पुरी से दिल्ली जाने वाली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस को जयपुर तक बढ़ाने की माँग की। भाजपा सदस्य ने संथालपरगना में रेलवे स्टेशन पर संथाली भाषा में उद्घोषणा और राँची में मेट्रो ट्रेन चलाने की माँग की।