नई दिल्ली। भारत-चीन के बीच साल 2017 में डोकलाम सीमा विवाद को लेकर काफी उठापटक हुई थी। इस दौरान 73 दिनों तक भारत और चीन की सेना आमने-सामने थी। दोनों देशों के बीच हालात काफी तनावपूर्ण हो गए थे। अब डोकलाम विवाद पर भारत में चीन के राजदूत ने कहा है कि एक परिवार के दो भाईयों के बीच समस्या होना स्वाभाविक है।
भारत में चीन के राजदूत लुओ झाओहुई ने जून 2017 में भारत और चीन के बीच डोकलाम गतिरोध को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। लुओ झाओहुई ने कहा कि दो महान पड़ोसी देशों के बीच थोड़ी बहुत समस्या हो जाना स्वाभाविक है। ये उसी तरीके से है जैसे कि एक ही छत के नीचे रहने वाले परिवार के भाइयों में कुछ मतभेद पैदा हो जाते हैं। ये पूरी तरह से स्वाभाविक है।
डोकलाम गतिरोध पर लुओ झाओहुई ने कहा कि यदि आप 2000 वर्ष से साथ में हो, तो कुछ छोटी समस्याएं कुछ भी नहीं हैं। बेशक, यह कुछ भी नहीं है और हमने उस मामले को नजरअंदाज नहीं किया है। हमने एक साथ काम किया और समस्या का समाधान किया, इससे यह सुनिश्चित हो गया कि द्विपक्षीय संबंध सामान्य स्थिति में रहें।
साल 2017 में भूटान के पास डोकलाम में दोनों देशों (भारत- चीन) की सेनाओं के बीच 73 दिनों तक रहे गतिरोध के चलते तनाव अपने चरम पर पहुंच गया था। इस इलाके में चीन द्वारा सड़क निर्माण किए जाने को लेकर गतिरोध की स्थिति बनी थी। दोनों देशों के अपनी-अपनी सेनाएं हटाने के लिए सहमत होने पर यह गतिरोध खत्म हुआ था।