काबूल। अफगानिस्तान की राजधानी काबूल में मंत्रालय के दफ्तर में शनिवार को हमला करना वाले चार हमलावरों में से दो हमलावरों की मौत हो गई। पुलिस ने इसकी सूचना दी। काबूल पुलिस प्रमुख सैयद मोहम्मद रोशानदेल ने स्थानीय मीडिया से कहा, ‘‘प्रारंभिक जानकारी में पता चला है कि संचार एवं सूचना प्रोेद्योगिकी मंत्रालय के द्वार पर एक हमलावर ने विस्फोटक से भरे जैकेट में विस्फोट किया जिसके बाद अन्य तीन हमलावर परिसर के अंदर घुस गए।’’ उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने दफ्तर के अंदर एक हमलावर को मार गिराया। दोनों के बीच हुई गोलीबारी और धमाके में एक नागरिक घायल हो गया।
घटना के चश्मदीद नजीब रुसतामी ने कहा, ‘‘हमने संचार एवं सूचना प्रोद्योगिकी मंत्रालय के बाहर स्थानीय समयानुसार सुबह 11 बजकर 35 मिनट पर गोलीबारी और धमाके की आवाज सुनी और अब वो जगह पूरी तरह से बंद कर दी गई है।’’ घटना के बाद अफगान विशेष अभियान दल मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर उन्होंने पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। पुलिस प्रमुख ने कहा कि सुरक्षा बलों ने सैन्य वर्दी पहने हमलावरों को पकड़ने या मारने की कोशिश की थी। हमले के बाद सुरक्षा बलों ने मंत्रालय में काम करने वाले करीब 2000 कर्मचारियों तथा पास की इमारतों से लोगों को बाहर निकाला। शहर के मुख्य व्यवसाय केंद्र में हमला होने के कारण लोगों में आंतक फैल गया तथा इसके कारण सभी दुकानें बंद रही। हालांकि दिन में छिटपुट गोलीबारी होती रही। उन्होंने कहा कि मीडिया और आम लोगों को घटना स्थल पर जाने की मंजूरी नहीं दी गई है। अभी तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।