नई दिल्ली। देश के पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के प्रारंभिक रुझानों में बीजेपी को झटका लगता दिख रहा है। राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में उसे अपनी सत्ता को बचाने के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ रहा है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज सुबह शुरू हो गई। आरंभिक रुझानों में मध्य प्रदेश और राजस्थान में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर में कांग्रेस को मामूल बढ़त है।
मध्य प्रदेश में कांग्रेस 116, भाजपा 100, बहुजन समाज पार्टी चार तथा अन्य 10 सीटों पर आगे चल रहे हैं। राजस्थान में कांग्रेस 96 और भाजपा 82 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, छत्तीसगढ़ में आरंभिक रुझान सत्ता परिवर्तन की ओर इशारा कर रहे हैं। यहां कांग्रेस स्पष्ट बहुमत की ओर बढ़ती दिख रही है। राज्य में कांग्रेस 58, भाजपा 22 और बसपा तथा सहयोगी दल नौ सीटों पर आगे हैं।
तेलंगाना में सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) को रुझानों स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है। पिछले चुनाव में टीआरएस को 119 में से 63 सीटें मिली थीं जबकि इस बार के चुनाव के रुझानों में वह 80 से अधिक सीटों पर आगे चल रही है। रुझानों में कांग्रेस 24 और भाजपा छह सीटों पर आगे है। पिछले चुनाव में इस राज्य में कांग्रेस को 21, तेलुगुदेशम् पार्टी को 15, भाजपा को पांच और अन्य को आठ सीटें मिली थीं। मिजोरम में मिजो नेशनल फ्रंट 24, कांग्रेस आठ और भाजपा एक सीट पर आगे है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में पिछले 15 साल से भाजपा सत्तारूढ़ है जबकि राजस्थान में पिछले चुनाव में भाजपा सत्ता में आयी थी।