16 Apr 2024, 15:12:42 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

राफेल सौदे पर ओलांद के बयान से कांग्रेस-भाजपा के बीच घमासान

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Sep 23 2018 10:43AM | Updated Date: Sep 23 2018 10:43AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। राफेल विमान सौदे पर फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति फ्रांसुआ ओलांद के बयान को लेकर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोपों की झड़ी लग गयी है जहां कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर तीखा हमला बोलते हुये उन्हें 'भ्रष्ट' तथा 'चोर' तक कह दिया वहीं भाजपा ने उनके बयान को शर्मनाक बताते हुये कहा कि पूरा गांधी परिवार भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है।
 
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति ने कहा है कि पीएम मोदी ने ही अनिल अंबानी की कंपनी को इस सौदे में आॅफसेट साझेदार बनाने के लिए कहा था। पूर्व फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने शुक्रवार को फ्रांसीसी मीडिया साक्षात्कार में कहा था कि 'भारतीय साझेदार बनाने में फ्रांस की कोई भूमिका नहीं है।'
 
ओलांद के इस बयान पर गांधी ने कहा कि ओलांद हिन्दुस्तान के प्रधानमंत्री को 'चोर' कह रहे हैं लेकिन वह चुप्पी साधे हुए हैं। यह भारतीय इतिहास में पहली बार हुआ है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह हिन्दुस्तान के प्रधानमंत्री के पद की प्रतिष्ठा से जुड़ा मामला है और पीएम को इस पर सफाई देते हुए सच बताना चाहिए। यह देश के जवानों के भविष्य, देश की सुरक्षा और भ्रष्टाचार का मुद्दा है। उन्होंने राफेल सौदे की जांच के लिये संयुक्त संसदीय समिति गठित करने की मांग दोहरायी। 
 
कांग्रेस का भाजपा पर पलटवार
भाजपा के आरोपों पर कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा कि रक्षा मंत्रालय और कानून मंत्री 'षड़यंत्रकारी झूठ' बोल रहे हैं। कानून मंत्री अहंकार में डूबे हुए हैं। उधर, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने इस मामले में मोदी के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा है कि रक्षा मंत्रालय सच्चाई  छिपाने की कोशिश कर रहा है। इसकी संयुक्त संसदीय समिति से जांच करायी जानी चाहिए। पार्टी ने कहा है कि ओलांद के बयान से प्रधानमंत्री का झूठ बेनकाब हो गया है। 
 
राहुल के बयान से तिलमिलाई भाजपा
राहुल गांधी के पीएम मोदी पर सीधा हमला बोलने से तिलमिलाई भाजपा ने उनके बयान को शर्मनाक, गैरजिम्मेदाराना और स्तरहीन बताते हुए कहा कि असल में गांधी परिवार ही देश में भ्रष्टाचार की जननी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी ने देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री को 'चोर' कहा है।  आजादी के बाद किसी भी राष्ट्रीय पार्टी के अध्यक्ष ने किसी प्रधानमंत्री के खिलाफ ऐसे शब्द का प्रयोग नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी परिवार भ्रष्टाचार में डूबा है और यह देश में भ्रष्टाचार की जननी है।
 
राजनाथ सिंह ने दी राहुल को सलाह
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को सलाह दी कि किसी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाने के पहले उन्हें कम से कम चार बार सोचना चाहिए। एक दिन के गुजरात दौरे पर आये राजनाथ सिंह ने यहां सहकारिता संबंधी एक कार्यक्रम में भाग लेने से पहले पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत में राफेल मुद्दे को लेकर मचे विवाद तथा गांधी की ओर से प्रधानमंत्री पर लगाये गये आरोप के बारे में कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। अलबत्ता उन्होंने कहा कि वह यह सलाह जरूर देंगे कि किसी के भी विरूद्ध गंभीर आरोप लगाने के पहले चार बार सोचा जाना चाहिए।
 
ओलांद के बयान पर फ्रांस की सफाई
इस बीच, फ्रांस सरकार और राफेल विमान बनाने वाली कंपनी डसाल्ट एविएशन ने ओलांद के बयान पर सफाई देते हुये कहा है कि राफेल विमान सौदे में आॅफसेट समझौते के तहत खुद उसने ही अनिल अंबानी के रिलायंस समूह की कंपनी को साझेदार बनाया था। डसाल्ट की ओर से जारी वक्तव्य में कहा गया है, 'यह आॅफसेट समझौता रक्षा खरीद प्रक्रिया, 2016 के नियमों के तहत किया गया है। इसके तहत और मेक इन इंडिया नीति के अनुरूप डसाल्ट एविएशन ने भारत के रिलायंस समूह के साथ साझेदारी का निर्णय लिया था। यह डसाल्ट एविएशन की पसंद है और मुख्य कार्यकारी अधिकारी एरिक ट्रेपियर ने गत अप्रैल में एक साक्षात्कार में यह स्पष्ट भी किया था।'
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »