इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने कराची जेल से 26 भारतीय मछुआरों को रविवार को रिहा कर दिया। यहां एक आधिकारिक घोषणा में यह जानकारी दी गई। पाकिस्तान सरकार ने आधिकारिक ट्वीट में कहा, पाकिस्तान ने कराची जेल से 26 भारतीय मछुआरों को सद्भाव स्वरूप रिहा किया। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सोमवार को नये सांसदों की बैठक से पूर्व यह कदम उठाया गया।
मछुआरों को वाघा बॉर्डर पर भारतीय अधिकारियों के हवाले किया जायेगा। रिपोर्ट के अनुसार ईदी फाउंडेशन ने पाकिस्तानी जल क्षेत्र में प्रवेश करने पर हिरासत में लिये गये भारतीय मछुआरों की यात्रा व्यय का वहन किया। भारत और पाकिस्तान ने इस वर्ष मार्च में संयुक्त न्यायिक समिति की यात्राओं को फिर से शुरू करने पर सहमति जतायी जो एक-दूसरे की हिरासत में रखे गये मछुआरों और कैदियों के मुद्दों पर विचार-विमर्श करेगी।
आधिकारिक प्रवक्ता रवीश कुमार ने इस मुद्दे पर पूछे गये सवालों के जवाब में कहा कि इस तरह की समिति अंतिम बार अक्टूबर 2013 में भारत आयी थी। दोनों देशों के अधिकारी इन मानवीय मुद्दों पर बनी सहमति को लागू करने के तरीकों पर काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने अक्टूबर 2017 में कहा था कि दोनों देश बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांगों से जुड़े मामलों में मानवीय पक्ष को ध्यान में रखकर कोई कार्रवाई करेंगे।