नई दिल्ली। भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने राहुल गांधी पर कोकीन का नशा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अगर राहुल का डोप टेस्ट हुआ तो वे निश्चित रूप से फेल हो जाएंगे। स्वामी ने यह बात केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल द्वारा राहुल गांधी और अमरिंदर सिंह को डोप टेस्ट की चुनौती देने पर कही। दरअसल, पंजाब सरकार ने सरकारी कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए डोप टेस्ट जरूरी कर दिया है। इसी बात से अकाली दल, भाजपा और कांग्रेस में बयानबाजी तेज हो गई।
हरसिमरत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार का फैसला अच्छा है। शुरूआत राहुल से होनी चाहिए। इसके बाद कैप्टन को भी ये टेस्ट करवाना चाहिए। वहीं, अकाली नेता सुखबीर बादल ने सभी 117 विधायकों का डोप टेस्ट करवाने की मांग की है। मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने हरसिमरत की चुनौती पर कहा- 'मैं तैयार हूं। मैं यह फैसला विधायकों पर थोपूंगा नहीं। वे अंतर आत्मा की आवाज पर फैसला लें।
पंजाब में सरकारी कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए डोप टेस्ट जरूरी कर दिया गया है। इनमें पुलिस के कर्मचारी भी शामिल होंगे। नियुक्ति के बाद प्रमोशन के लिए भी इस प्रक्रिया से गुजरना होगा। अमरिंदर सिंह ने कहा कि राज्य में नशे के खात्मे के लिए सरकार सख्ती से काम कर रही है। अब सरकारी कर्मचारियों को नियुक्ति के वक्त डोप टेस्ट की प्रक्रिया से गुजरना होगा। साथ ही काम के अनुसार कुछ विशेष मामलों में होने वाली सालाना डॉक्टरी जांच में भी यह टेस्ट कराना होगा।