29 Mar 2024, 11:34:13 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

साइबर सुरक्षा पुख्ता करने की जरूरत: गृह मंत्री

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jun 18 2018 5:08PM | Updated Date: Jun 18 2018 5:08PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने गैर कानूनी गतिविधियों के लिए सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर चिंता जाहिर करते हुए इस चुनौती से निपटने के लिए साइबर सुरक्षा को पुख्ता करने के निर्देश दिये हैं। गृह मंत्रालय के साइबर सुरक्षा प्रकोष्ठ के कामकाज की समीक्षा बैठक में सिंह ने कहा कि साइबर स्पेस अपराधों के कारण एक नई चुनौती खड़ी हो गई है और इनसे निपटने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का गैर कानूनी गतिविधियों के लिए दुरुपयोग किया जा रहा है और इस पर रोक के लिए सुरक्षा एजेन्सियों की क्षमता और दक्षता बढ़ाये जाने की जरूरत है।

इंटरनेट पर 'चाइल्ड प्रोनोग्राफी' तथा अन्य अश्लील सामग्री के प्रसार पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने इसकी शिकायत के लिए आॅनलाइन साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल को जल्द शुरू करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि इससे पीड़ित व्यक्ति आसानी के साथ शिकायत दर्ज करा सकेंगे और इनकी जांच भी तेजी से हो सकेगी। सिंह ने कहा कि साइबर अपराधों पर कड़ी नजर रखे जाने की जरूरत है और इसके लिए गृह मंत्रालय के सभी विभागों के सूचना प्रौद्योगिकी तंत्र का नियमित साइबर आॅडिट किया जाना चाहिए। उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र के लिए राष्ट्रीय सूचना सुरक्षा नीति के उन्नयन के भी निर्देश दिये।
 
भोले-भाले लोगों से टेलीफोन के जरिये धोखाधड़ी पर चिंता जताते हुए इस बारे में लोगों को जागरूक बनाये जाने पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह की धोखाधड़ी रोकने के लिए संस्थागत ढांचे को भी मजबूत बनाया जाना चाहिए। गृह मंत्री ने संवेदनशील क्षेत्रों के लिए सुरक्षा मंजूरी से संबंधित प्रस्तावों के अनुमोदन में लगने वाले समय में कमी पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि पहले इसमें चार महीने का समय लगता था लेकिन अब यह काम 53 दिन में हो रहा है।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »