29 Mar 2024, 15:47:35 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

पश्चिम बंगाल और झारखंड में गिरी गाज, दस की मौत

By Dabangdunia News Service | Publish Date: May 17 2018 9:46AM | Updated Date: May 17 2018 9:46AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के कई जिलों में बुधवार सुबह भारी बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं हुर्इं। इनमें कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हुए। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी ने कहा नदिया जिले में चार लोगों की मौत हो गई, वहीं उत्तर 24 परगना जिले में बिजली गिरने की घटना में दो लोगों की मौत हुई।
 
बांकुड़ा के एक पुलिस अधिकारी ने बताया जिले में आज भारी बारिश और आंधी के बीच बिजली गिरने से एक किसान की भी मौत हुई। पुलिस ने कहा कि नदिया जिले में मारे गये चारों व्यक्ति खेतिहर मजदूर थे और इनमें से दो भाई थे। अप्रैल से बिजली गिरने तथा काल बैशाखी के कारण राज्य में अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है।
 
वहीं दूसरी ओर झारखंड के बोकारो में पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के घटियाली पूर्वी पंचायत में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की जान चली गई, जिनमें एक 32 वर्षीय महिला और दूसरा 22 वर्षीय युवक था। हादसा केंदुआडीह गांव में हुआ। इसी तरह बहरागोड़ा में भी बुधवार शाम करीब 6.45 बजे वज्रपात से एक युवक की मौत हो गई। इसके अलावा केंदुआडीह गांव में ही खेलने के दौरान चार बच्चे घायल हो गए।
 
बुधवार को दोपहर बाद आंधी और बारिश ने धनबाद और झरिया में भारी तबाही मचाई। झरिया, जोड़ापोखर, लोदना, अलकडीहा, बस्ताकोला, भौंरा, पाथरडीह, चासनाला, सिंदरी तक दर्जनों पेड़ उखड़कर जमीन पर आ गिरे, जिससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। कई जगह बिजली के तार टूट गए। आंधी से दर्जनों घर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। हवा का वेग इतना अधिक था कि मकानों पर लगीं टंकियां भी उड़ गईं।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »