19 Apr 2024, 17:10:26 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

आफत का मौसम: आधे घंटे में 14 डिग्री गिरा तापमान, 50 घरों में लगी आग

By Dabangdunia News Service | Publish Date: May 14 2018 12:10PM | Updated Date: May 14 2018 12:10PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली! मौसम विभाग की चेतावनी के बाद रविवार को दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई राज्यों में भीषण आंधी-तूफान का कहर बरपा। इसमें 39 से ज्यादा लोगों की मौत हुई और 50 से ज्यादा लोग जख्मी हुए हैं। हवा की रफ्तार 109 किमी प्रतिघंटे पहुंच जाने से जिंदगी थम गई। तेज आंधी और बारिश से उप्र में 12, आंध्रप्रदेश में नौ, कोलकाता में आठ,  राजधानी दिल्ली में दो और हरियाणा में दो लोगों की मौत हुई है। अन्य स्थानों पर छह से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। मौसम के जानकारों का कहना है कि सोमवार को भी धूल भरी आंधी आ सकती है। रविवार को भूमध्य सागर में उठे नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम ने करवट ली है। 
 
दिल्ली से दो उड़ानें इंदौर डायवर्ट
धूल भरी आंधी के कारण दिल्ली आने-जाने वाली करीब 64 उड़ानें प्रभावित हुईं। 41 फ्लाइट डायवर्ट की गई। दो उड़ानें इंदौर डायवर्ट की गईं। इंदौर एअरपोर्ट पर बैंगलुरू से विमान संख्या आईजीओ 2988 व चेन्नई से विमान संख्या आईजीओ 2698 डायवर्ट की गर्इं। 
 
राजधानी में 189 पेड़ और 40 खंभे गिरे
दिल्ली पुलिस के मुताबिक 189 पेड़ गिरे हैं। तेज रफ्तार के चलते 40 बिजली के खंभे गिरे हैं। टीन शेड और छत का हिस्सा और ऐसी दूसरी 31 चीजें गिरी हैं। शाम साढ़े सात बजे तक 260 पीसीआर कॉल मिलीं।
 
आधे घंटे में 14 डिग्री गिरा तापमान
दिल्ली में मौसम बदलने से पारे ने भी गोता लगा लिया। शाम चार बजे जो तापमान 39 डिग्री तक था, वो महज आधे घंटे में गिरकर 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यानी आधे घंटे में 14 डिग्री तापमान लुढ़क गया।
 
50 घरों में लगी आग
पूर्वांचल, मध्य उप्र व पश्चिमी उप्र में अचानक आंधी-बारिश से जगह-जगह पेड़ व बिजली के खंभे गिरने से लोगों को बिजली व पानी की समस्या से जूझना पड़ा। संभल के रजपुरा क्षेत्र के गांव चाऊपुर की मढ़ैया में आंधी के दौरान करीब 50 घरों में आग लग गई। जसराना, शिकोहाबाद, नारखी समेत पूरे फिरोजाबाद में रविवार शाम तेज आंधी के साथ बारिश हुई और ओले बरसे। ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचा है।
 
इन राज्यों के लिए दो-तीन दिन अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली समेत, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, झारखंड, मिजोरम, असम, तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल में अगले दो-तीन दिनों तक तेज हवाओं और तूफान का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, इन दो दिनों में फिर से यूपी में आंधी, तूफान और बारिश का खतरा है।
 
कहां क्या हुआ
मध्यप्रदेश : मध्यप्रदेश के रीवा, सतना, उमरिया, सीधी आदि जिलों में तेज हवा के साथ हल्की बौछारें भी पड़ीं। भिंड में करीब आधा घंटा बारिश हुई।

झारखंड : झारखंड में दोपहर बाद तेज रफ्तार से हवाएं चलीं, तीन बजे तक कई जगह जमकर बारिश भी हुई। राजधानी रांची समेत कई जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। 

हिमाचल : हिमाचल प्रदेश में मौसम के कड़े तेवरों ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश हुई। तेज धूल भरी आंधी ने लोगों को घर में कैद कर दिया। प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी रिकार्ड की गई है।

हरियाणा :  हरियाणा के कैथल, नूंह, रोहतक सहित कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। रोहतक और कैथल में ओले भी गिरे। हालांकि इससे गर्मी से तो राहत मिली, लेकिन जनजीवन प्रभावित हुआ। राज्य में दो लोगों की मौत हो गई। 
 
प. बंगाल : कोलकाता में दोपहर में ही अंधेरा छा गया था। जमकर बारिश के साथ तेज हवाएं भी चली हैं। मौसम विभाग ने बारिश व तेज हवा चलने का पूवार्नुमान व्यक्त किया है। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »