नई दिल्ली। गुजरात और हिमाचल प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले हुए सर्वे में मोदी लहर दिखाई दे रहा है। चुनाव से ठीक पहले इंडिया टुडे ग्रुप- एक्सिस माई इंडिया की ओर से कराए गए सर्वे में भाजपा की जीत बताई जा रही है। गुजरात को लेकर कराए गए सर्वे में हार्दिक पटेल के कांग्रेस से अलग चुनाव लड़ने की सूरत में किसे कितना वोट शेयर मिलेगा, इसके बारे में जाना गया है।
यह सर्वे गुजरात के 182 विधानसभा सीटों पर 25 सितंबर से 15 अक्टूबर के बीच कराया गया था। इस सर्वे में 18,243 लोगों ने हिस्सा लिया। सर्वे के अनुसार अल्पेश ठाकोर और जिग्नेश मेवानी के साथ कांग्रेस 38% वोट हासिल कर सकती है।
वहीं बीजेपी अकेले होने के बाद भी सर्वाधिक 48% वोट पाती दिख रही है। हार्दिक पटेल अकेले चुनाव लड़ें तो 2 फीसदी वोट पा सकते हैं। शंकर सिंह वाघेला और आम आदमी पार्टी के साथ अन्य को मिला लें तो इनका वोट शेयर 12% हो जाता है।
कौन बनेगा मुख्यमंत्री?
इंडिया टुडे सर्वे में गुजरात में मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे प्रबल दावेदार के तौर पर मौजूदा मुख्यमंत्री विजय रुपाणी सबसे ऊपर हैं। इंडिया टुडे सर्वे में 34 फीसदी लोगों ने विजय रुपाणी को मुख्यमंत्री के तौर पर अपनी पहली पसंद बताया है। इसके जवाब में कांग्रेस नेता शक्तिसिंह गोहिल महज 19 फीसदी वोटों के साथ मुख्यमंत्री पद के दूसरे प्रबल दावेदार हैं। वहीं मुख्यमंत्री पद के लिए तीसरे नंबर पर भी कांग्रेस नेता भरत सिंह सोलंकी है। सोलंकी को इंडिया टुडे सर्वे में 11 फीसदी वोट मिले।
हिमाचल प्रदेश में ज्यादातर लोग मोदी से खुश
इंडिया टुडे- एक्सिस माई इंडिया के ओपिनियन पोल में हिमचाल प्रदेश की अधिकांश जनता पीएम मोदी के कार्य से खुश नजर आई है।
-55 फीसदी लोग जीएसटी से संतुष्ट
-32 फीसदी लोग जीएसटी से असंतुष्ट
-13 प्रतिशत लोगों ने जीएसटी पर अपनी राय नहीं रखी
-59 फीसदी लोगों ने कहा नोटबंदी से फायदा हुआ
-27 फीसदी लोगों ने कहा फायदा नहीं हुआ
-14 फीसदी लोगों ने कोई राय नहीं दी
-22 फीसदी लोगों ने प्रधानमंत्री के रूप में मोदी के काम को बहुत अच्छा बताया
-48 फीसदी लोगों ने मोदी के काम को अच्छा कहा
-18 फीसदी लोग मोदी के काम से खुश नहीं दिखे
-12 फीसदी लोगों ने मोदी के काम को बेहद खराब बताया
किसे कितनी सीट
कुल सीट-182
कांग्रेस+अल्पेश ठाकोर+जिग्नेश मेवाणी -57-65
भाजपा -115-125
हार्दिक समर्थित पार्टी- 0
अन्य (वाघेला समर्थित पार्टी+आप) - 0-3