29 Mar 2024, 01:05:22 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

पुलवामा में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़, एसओजी जवान शहीद, 2 जवान घायल

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jan 22 2020 2:31PM | Updated Date: Jan 22 2020 2:33PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में बुधवार को सुरक्षा बलों के घेराबंदी एवं तलाश अभियान के दौरान आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) का एक जवान शहीद हो गया और दो अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गये। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पुलवामा में कल मध्यरात्रि सुरक्षा बलों के घेराबंदी एवं तलाश अभियान के दौरान मुठभेड़ शुरू हो गयी जिसमें विशेष अभियान समूह (एसओजी) का एक जवान शहीद हो गया और दो अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गये।
 
उन्होंने बताया कि 92 बेस अस्पताल में भर्ती एक जवान की हालत गंभीर बनी हुई है। इससे पहले ऐसी रिपोर्ट आई थी कि मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गये हैं और सुरक्षा बलों के दो जवान शहीद हो गये हैं और एक अन्य घायल हैं। अभी तक किसी भी आतंकवादी का शव बरामद नहीं हुआ है। सूत्रों ने बताया कि अंधेरे के कारण कल रात को घेराबंदी एवं तलाश अभियान रोक दिया गया था हालांकि आतंकवादियों को बचकर भागने से रोकने के लिए शून्य से कम तापमान होने के बावजूद सुरक्षा बल के अतिरिक्त जवान तैनात किये गये।
 
उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने क्षेत्र की करीब से निगरानी के लिए फ्लैश लाईट और ड्रोन का इस्तेमाल किया। सुरक्षा बलों ने नजदीक के जंगल समेत क्षेत्र में आज सुबह अभियान फिर शुरू किया। अभी तक आतंकवादियों से उनका दोबारा सामना नहीं हुआ है। राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर), एसओजी और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल( सीआरपीएफ) ने आतंकवादियों की उपस्थिति की खुफिया सूचना मिलने के बाद अभियान शुरू किया। सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू होने के बाद क्षेत्र के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। अंतिम रिपोर्ट आने तक सुरक्षा बलों का अभियान जारी था।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »