कोलकाता। गूगल ने मंगलवार को उर्दू के प्रख्यात कवि एवं संगीतकार कैफी आजमी की 101वीं जयंती पर डूडल बनाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। डूडल में आजमी को सफेद कुर्ते में माइक के सामने दिखाया गया है। कैफी आजमी को 20वीं सदी के सबसे प्रसिद्ध कवि के तौर पर जाना जाता है। उन्होंने बॉलीवुड के लिए कई गीत लिखे। आजमी का जन्म 14 जनवरी 1919 में उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में हुआ था। उन्होंने महज 11 वर्ष की उम्र में पहली कविता लिखी थी। वह राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन से प्रभावित होकर बंबई चले गए जहां वह एक उर्दू अखबार के लिए लिखने लगे।
महिला समानता पर लिखी उनकी कविता ‘औरत’ उनकी प्रसिद्ध कविताओं में से एक है। इसके बाद उन्होंने 1970 के दशक में चेतन आंनद की फिल्म ‘हीर रांझा’ के डायलॉग लिखे। यह उनकी जबरदस्त उपलब्धि थी। उन्होंने 1976 में श्याम बेनेगल की फिल्म ‘मंथन’ और 1977 में फिल्म ‘कनेश्वरा रामा’ के डायलॉग भी लिखे। उन्होंने कोहरा (1964), अनुपमा (1966), उसकी कहानी (1966), सात हिंदुस्तानी (1969), शोला और शबनम, परवाना (1971), बावर्ची (1972), पाकीजा (1972) और अर्थ (1982) जैसी फिल्मों के गीत लिखे। फिल्म ‘नौनिहल’ फिल्म के लिए उन्होंने ‘मेरी आवाज सुनो प्यार का राज सुनो’ गीत लिखा जिसे मोहम्मद रफी ने अपनी आवाज दी।