नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने देश में जारी मौजूदा आर्थिक मंदी के लिए नरेंद्र मोदी सरकार पर हमला करते हुए इस मुद्दे पर चुप्पी साधे रखने के लिए सवाल कई खड़े किए हैं। कांग्रेस नेता ने सोशल मीडिया पर लिखी पोस्ट में कहा, ‘‘ सरकार की इस मुद्दे पर चुप्पी खतरनाक है। कंपनियां बंद हो रही हैं। कंपनियां कर्मचारियों की छटनी कर रही हैं और भाजपा सरकार इस मुद्दे पर लगातार चुप्पी साधे बैठी है।’’ उन्होंने सवाल किया, ‘‘ आर्थिक मंदी के लिए कौन जिम्मेदार है?’’ कांग्रेस नरेंद्र मोदी सरकार पर देश में वर्तमान में आर्थिक मंदी को लेकर लगातार हमलावर बनी हुई है। पार्टी का आरोप है कि सरकार इस स्थिति से उबरने के लिए कोई कदम नहीं उठा रही है।