29 Mar 2024, 06:32:21 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

जर्मनी और नीदरलैंड यात्रा सफल रही, निकलेंगे सकारात्मक परिणाम: जयराम

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jun 18 2019 2:08AM | Updated Date: Jun 18 2019 2:08AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

शिमला। जर्मनी और नीदरलैंड के दौरे से लौटे हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज कहा कि उनका यह दौरा सफल रहा है और इसके भविष्य में सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। ठाकुर ने यहां पहुंचने पर मीडिया से बातचीत में कहा कि दोनों देशों में निवेशकों के लिये आयोजित रोड शो में राज्य सरकार को वहां के उद्यमियों और व्यापारिक समुदाय से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली और उन्होंने राज्य में कृषि, बागवानी, खाद्य और फल प्रसंस्करण, पर्यटन और जल विद्युत आदि क्षेत्रों में निवेश करने में गहरी रुचि दिखाई है। दोनों देशों के उद्यमियों ने राज्य में निवेश के लिए गहरी रुचि की परिकल्पना की है। उन्होंने कहा कि अन्य राष्ट्रों के उद्योग प्रतिनिधियों को भी धर्मशाला में आयोजित होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्ज मीट का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध वैगंनिगेन यूनिवर्सिटी नीदरलैंड ने राज्य में कटाई एवं तुड़ान के बाद के अनुसंधान और कृषि-खाद्य रोबोटिक्स में सहयोग करने के लिए गहरी रूचि दिखाई। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय पहले से ही हिमाचल प्रदेश में नियंत्रित वातावरण(सीए स्टोर) के क्षेत्र में कुछ परियोजनाओं पर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और फ्रैंकफर्ट इनोवेशन जेंट्रम (एफआईजेड) के बीच जर्मनी के फ्रैंकफट में आयुर्जीनोमिक्स, सटीक चिकित्सा और सटीक कृषि के क्षेत्र में सहयोग की सम्भावनाओं का पता लगाने तथा नीदरलैंड में एसोचैम यूरोप के साथ कृषि, बागवानी, लॉजिस्टिक और अधोसंरचना के क्षेत्र में मजबूती और विस्तार करने के लिए समझौतों पर हस्ताक्षर हुये हैं।

ठाकुर ने कहा कि विदेश यात्रा पर जाने से पूर्व उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें 7-8 नवम्बर को धर्मशाला में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टरज मीट के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने आशा जताई कि दोनों देशों में राज्य सरकार द्वारा आयोजित रोड शो राज्य में निवेशकों को आकर्षित करने के लिए सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने राज्य में अंतरराष्ट्रीय कौशल विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए तंक्षडा फाउंडेशन के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।

कांगड़ा जिले में गोल्फ रेसार्ट की स्थापना के लिए सीएम कॉर्प्स के साथ भी समझौता हुआ है। उल्लेखनीय है कि ठाकुर के साथ एक उच्चस्तरीय शिष्टमंडल भी गत नौ जून को उक्त देशों की यात्रा पर गया था। इस शिष्टमंडल में राज्य के उद्योग मंत्री विक्रम सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव डा. श्रीकांत बाल्दी और अन्य अधिकारी थे।  इससे पहले यहां पहुंचते ही भाजपा नेताओं ने अनाडेल में मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। इनमें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती,  कैबिनेट मंत्री विपिन सिंह परमार, मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा सहित अनेक वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। 

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »