नई दिल्ली। भारत ने नाईजीरिया के पास समुद्री दस्युओं के हाथों अपहृत पांच भारतीयों की रिहाई के लिए नाईजीरिया की सरकार से संपर्क स्थापित करके प्रयास आरंभ कर दिये हैं। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने इस घटना से जुड़ी मीडिया रिपोर्टों को संज्ञान में लेकर नाईजीरिया में भारत के उच्चायुक्त अभय ठाकुर को इस संबंध में तुरंत कदम उठाने का निर्देश दिये हैं। स्वराज ने ट्विटर पर कहा कि उन्होंने पांच भारतीय नाविकों के अपहरण की समुद्री डाकुओं द्वारा अपहरण किये जाने की खबरें देखीं हैं और भारतीय उच्चायुक्त से इस बारे में रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने ठाकुर को तत्काल नाईजीरिया सरकार में उच्च स्तर पर संपर्क साधने एवं भारतीय नाविकों की सुरक्षित रिहाई के प्रयास करने का भी निर्देश दिया है। गत माह 19 तारीख को समुद्री डाकुओं ने पांच नाविकों को नाईजीरिया के बोनी आउटर एंकरेज में उनके जहाज एमटी अपेकस से अपहरण कर लिया था। बाद में उनमें से एक नाविक की पत्नी ने विदेश मंत्री को ट्विटर पर इस घटना की जानकारी दी थी।