28 Mar 2024, 17:22:48 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

भाजपा ने पंद्रह सालों तक घोषणाओं की राजनीति की - कमलनाथ

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Apr 18 2019 11:20PM | Updated Date: Apr 18 2019 11:20PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने राज्य में भारतीय जनता पार्टी के पंद्रह वर्षों के शासनकाल को सिर्फ घोषणाओं का काल बताते हुए कहा कि इस दौरान सिर्फ घोषणाओं की राजनीति की गयी। कमलनाथ ने आज बालाघाट जिले के बैहर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने पंद्रह वर्षों में इस राज्य में कुछ नहीं किया। सिर्फ असत्य वादे किए। इसी वजह से इस राज्य में बेरोजगारी की समस्या बढ़ी। तत्कालीन सरकार ने नए उद्योग लगाने की बातें कीं, लेकिन सच्चायी यह है कि जितने उद्योग लगाए नहीं गए, उससे अधिक बंद हो गए। उन्होंने कहा कि पंद्रह सालों में भाजपा ने खूब भ्रष्टाचार किया। नर्मदा नदी किनारे पौधारोपण के नाम पर लगभग छह सौ करोड़ रूपयों का भ्रष्टाचार किया गया। और भी घोटाले किसी से छिपे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वहीं कांग्रेस की लगभग चार माह पुरानी सरकार ने अपने वादों के अनुरूप कार्य करके दिखाए। जो वादे किए वो पूरे किए जा रहे हैं।
 
कमलनाथ ने कहा कि 22 लाख किसानों के ऋण माफ किए जा चुके हैं। आगे भी और किसानों के ऋण माफ किए जाएंगे। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान दिए अन्य वचनों को भी पूरा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता लोगों को गुमराह करने का प्रयास करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं होने देना है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि इसी तरह केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने भी पांच सालों में कुछ नहीं किया। इसके कार्यों के कारण सभी वर्ग त्रस्त हो गए। आर्थिक मोर्चे पर यह सरकार पूरी तरह असफल रही। अब तो लोग भी कहने लगे हैं कि मोदी सरकार के अंतिम दिन आ गए हैं। कमलनाथ इन दिनों राज्य के पहले चरण में होने वाले छह लोकसभा क्षेत्रों में चुनावी सभाएं ले रहे हैं। उन्होंने आज ही डिंडोरी जिले के बजाग और छिंदवाड़ा के चौरई में भी चुनावी सभाओं को संबोधित किया। इस दौरान भी उन्होंने लोगों से गुमराह नहीं होने का अनुरोध किया। कांग्रेस नेता ने पार्टी द्वारा आदिवासियों के लिए किए गए कार्यों के बारे में भी बताया।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »