ग्वालियर। ग्वालियर के कलेक्टर अनुराग चौधरी ने शनिवार को एक कार्यकर्म को लाइसेंस लेने के लिए ऐसी बात कह दी है जिसने सबको हैरानी में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि किसी को बंदूक का लाइसेंस चाहिए तो उसे कम से कम 10 कंबल दान करना होगा। शनिवार को कलेक्टर अनुराग चौधरी गोसेवकों की बैठक में गए थे, जहां गायों को ठंड से बचाने के उपायों पर चर्चा हुई। इसी कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने यह शर्त रखी। बाद में ग्वालियर कलेक्टर के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट भी किया गया कि बंदूक का लाइसेंस चाहिए, तो गौशाला में दान करने होंगे कम से कम 10 कंबल।
कलेक्टर अनुराग चौधरी ने कहा कि गायों को सर्दी से बचाने के लिए ऐसा किया गया है। अगर ग्वालियर में किसी को बंदूक का लाइसेंस चाहिए तो उसे 10 कंबल दान करने होंगे। चौधरी कहते हैं कि जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया है कि लाइसेंस के लिए 10 कंबलों का दान जरूरी है। उन्होंने कई गौशालाओं की क्षमता से ज्यादा गायों की संख्या को देखते हुए यह आदेश दिया।