29 Mar 2024, 20:31:03 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

इस दिग्‍गज खिलाड़ी पर जारी हुआ डाक टिकट

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jan 17 2020 11:33AM | Updated Date: Jan 17 2020 11:33AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

कोलकाता। भारत के लीजेंड फुटबालर और देश को अपनी कप्तानी में 1962 के बैंकाक एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक दिलाने वाले चुन्नी गोस्वामी के 82वें जन्मदिन पर भारतीय डाक विभाग ने एक डाक टिकट जारी किया है।
 
गोस्वामी का कल जन्मदिन था और इस अवसर पर उनके सम्मान में यह डाक टिकट जारी किया गया। कोलकाता में अपने निवास पर यह डाक टिकट जारी होने के बाद गोस्वामी ने कहा,‘‘ मैं काफी हैरान हूं और इस सम्मान से अभिभूत भी हूं। 
 
इस सम्मान से मुझे और जीने की प्रेरणा मिलेगी। मुझे अपने खेल करियर के दौरान कई पुरस्कार और सम्मान मिले थे लेकिन जीवन के इस दौर पर यह सम्मान मिलना आपका मनोबल ऊंचा करता है। चुन्नी दा के नाम से मशहूर गोस्वामी अर्जुन अवार्डी और पद्मश्री विजेता रहे हैं। वह स्वर्गीय गोस्थो पॉल (1998) और स्वर्गीय तालीमेरेन आओ (2018) के बाद तीसरे भारतीय फुटबालर हैं जिनके नाम पर डाक टिकट जारी किया गया है। 
 
गोस्वामी की कप्तानी में भारत ने 1962 के बैंकाक एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। गोस्वामी उस भारतीय टीम के सदस्य भी थे जो 1964 के एशिया कप में मेजबान इजरायल के बाद दूसरे स्थान पर रही थी। उन्होंने हांगकांग के खिलाफ भारत की 3-1 की जीत में तीसरा गोल कर अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाया था। वह भारत के उन छह फुटबालरों में शामिल हैं जिन्हें पद्मश्री और अर्जुन अवार्ड मिले हैं। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »