मुंबई। दूसरे हाफ में सार्थक गोलुई को दूसरी बार पीला कार्ड दिए जाने के बाद 10 खिलाड़ियों से खेल रही मुंबई सिटी एफसी ने रविवार को हीरो इंडियन सुपर लीग के छठे सीजन में अपने घर मुंबई फुटबाल एरेना में हैदराबाद एफसी को 2-1 से हरा घर में अपनी पहली जीत दर्ज की। मुंबई के लिए दोनों गोल मोदू सोगू ने किए। इस जीत ने मुंबई को चौथे स्थान पर पहुंचा दिया है। उसके अब 10 मैचों में 16 अंक हो गए हैं। मायानगरी के दर्शक अपनी टीम से जिस प्रदर्शन की ख्वाहिश लेकर आए थे उसकी झलक उन्हें छठवें मिनट में ही मिल गई। मुंबई के स्टार खिलाड़ी मोदू सोगू ने इस मिनट में टीम का खाता खोल उसे 1-0 के आगे कर दिया। शुरुआत शुभाशीष बोस के पास से हुुई जिससे गेंद कार्लोस डिएगो के पास चली गई।
कुछ दूर तक वह गेंद को आगे लेकर बढ़े और मौका देखते ही उन्होंने सोगू को गेंद दे दी। खाली पड़े नेट में सोगू ने गेंद को पहुंचा दिया और मेजबान टीम के दर्शक झूमने लगे। तीन मिनट बाद कार्लोस के पास भी मेजबान टीम के लिए गोल करने का मौका आया। इस बार हालांकि कमलजीत ने उनके प्रयास को पूरा नहीं होने दिया। उधर दबाव में आई हैदराबाद 14वें मिनट में बराबरी का मौका गंवा कर और हताश हो गई। उसने हालांकि अपने प्रयास जारी रखे और 23वें मिनट में फिर उसे मौका मिला। इस बार भी मेहमान टीम सफल नहीं हो सकी। यहां हैदराबाद को कॉर्नर मिला जिस पर बोबो को गोल करने का मौका मिला जो जाया हो गया। हैदराबाद जहां हाफ चांसेस बना रही थी वहीं मुंबई आक्रामक खेल रही थी। 25वें मिनट में मुंबई के सार्थक गुलोई को पीला कार्ड मिला बावजूद इसके उसके आक्रामक खेल में अंतर नहीं आया।
33वें और 36वे मिनट में एक बार फिर हैदराबाद ने मौका गंवा मुंबई को राहत दी। पहले हाफ के आखिरी के 10 मिनट में हैदराबाद के खिलाड़ियों ने मुंबई के डिफेंस को परेशान तो किया लेकिन गोल नहीं कर पाए। मुंबई ने पहले हाफ का अंत 1-0 के स्कोर के साथ ही किया। हैदराबाद ने दूसरे हाफ की शुरुआत एक बदलाव के साथ की। एस शंकर को अंदर बुला रोहित को बाहर भेजा। हैदराबाद को दूसरे हाफ में अच्छा करने की उम्मीद थी वो कोशिश भी कर रही थी लेकिन किस्मत उसके साथ नजर नहीं आ रही थी। 52वें मिनट में ऐसा ही कुछ देखने को मिला। जाइल्स बार्नेस ने लेफ्ट फ्लेंक से फ्री किक ली, जो शंकर के पास आई। शंकर ने हेडर से उसे आदिल के पास भेज दिया। गेंद बोबो के पास पहुंची जिन्होंने उसे खाली नेट की तरफ धकेल दिया।