सहारनपुर। आईपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला ने पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी की तारीफ करते हुये कहा कि अभी उनमें बहुत क्रिकेट बचा है और वे आगे भी देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। शुक्ला शनिवार को सहारनपुर के ज्ञानकलश इंटरनेशनल स्कूल के मैदान में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट पिच का उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने आये थे। उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि भारत के सर्वश्रेष्ठ विकेट कीपर महेंद्र सिंह धोनी का अभी बहुत क्रिकेट बचा है, वे भारत के लिए आगे भी खेलेंगे। उन्होंने भारतीय क्रिकेट के कप्तान विराट कोहली और ओपनर रोहित शर्मा के बीच मतभेदो का पूरी तरह से खंडन किया। हालिया सालो के दौरान सहारनपुर से कई प्रतिभाशाली युवा क्रिकेटर राज्य स्तर पर निकले है। उच्चतम न्यायालय के न्यायमूर्ति विनीत शरण ने सहारनपुर के ज्ञानकलश इंटरनेशनल स्कूल के मैदान में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट पिच का उदघाटन किया।
न्यायमूर्ति विनीत शरण ने कहा कि भारत का खेलो में दुनिया में वर्चस्व बढ़ा है। उन्होंने कहा कि जहां भारत ने बैडमिंटन में विश्वस्तरीय खिलाडी पी वी संधू, साइना नेहवाल जैसे सर्वश्रेष्ठ खिलाडी दिए है। वही क्रिकेट में विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी, रोहित शर्मा जैसे खिलाडी है। उन्होंने देश के युवा वर्ग से खेलों में बढ-चढकर भाग लेने का आहृवान किया। उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ के चीफ कुरएटर शिव कुमार यादव और ग्रीन पार्क स्टेडियन सहारनपुर के कुरएटर की देखरेख में पिछले छह माह में यह पिच तैयार हुई है। पूरे सहारनपुर मंडल में इस तरह की कोई दूसरी पिच नहीं है। पूर्व रणजी खिलाडी राकेश तिवारी यहां के मुख्य कोच रहेंगे। यहां के क्रिकेट ग्राउंड की गुणवत्ता को देखते हुए प्रदेश क्रिकेट संघ ने विजय मर्चेंट ट्राफी का अंडर 16 एक मैच 16 साल से कम आयु का आगामी 16, 17, 18 अक्टूबर को ज्ञान कलश किक्रेट ग्राउंड में खेला जाएगा। इस पिच के बाद स्थानीय खिलाडियों के खेल में सुधार होगा तथा उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल की प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।