मुंबई। इन दिनों सोशल मीडिया पर खबरें फैली हुई है कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी क्रिकेट से संन्यास लेने वाले हैं। खबर यह भी आई कि धोनी ने अपने संन्यास को लेकर बीसीसीआई को भी जानकारी दे दी है। लेकिन इन खबरों को बीसीसीआई ने खंडन किया है। वहीं अब धोनी के संन्यास की खबरों पर मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने कहा कि धोनी के संन्यास लेने को लेकर कोई अपडेट नहीं है। उनके संन्यास से जुड़ी खबरें गलत हैं। उन्होंने टीम इंडिया के सेलेक्शन के बाद कहा, 'धोनी के संन्यास के संबंध में कोई खबर नहीं है, ये न्यूज गलत है।
इससे पहले जब धोनी के संन्यास को लेकर कयास तेज हुए तो महान शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद ने भी कहा कि संन्यास पर फैसला करना पूरी तरह से महेंद्र सिंह धोनी का विशेषाधिकार है। उन्होंने कहा कि अपने करियर में सब कुछ हासिल करने के बाद यह पूर्व कप्तान संतुष्ट होकर जाएगा।
बता दें सोशल मीडिया पर धोनी के संन्यास की खबरें टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली के ट्वीट के बाद फैली। विराट कोहली ने गुरुवार को अपने ट्विटर अकाउंट से एक तस्वीर ट्वीट की जिसमें वो धोनी के सजदे में झुके हुए दिखे। उन्होंने लिखा, 'ये मैच मैं कभी नहीं भूल पाऊंगा...खास रात... इस शख्स ने मुझे फिटनेस टेस्ट की तरह भगाया। बस विराट कोहली के इस ट्वीट को देख फैंस को लगा कि आज एमएस धोनी इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने वाले हैं।