रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस कार्यसमिति की नई दिल्ली में होने वाली बैठक में हिस्सा लेने आज देर शाम दिल्ली रवाना होंगे। बघेल देर शाम नियमित विमान से नई दिल्ली रवाना होंगे और रात्रि विश्राम छत्तीसगढ़ सदन में करेंगे।कल कांग्रेस कार्यसमिति की होने वाली बैठक में वह शामिल होंगे।लोकसभा चुनावों में पार्टी की करारी हार की समीक्षा के लिए यह बैठक आहूत की गई है। लगभग पांच माह पहले तीन चौथाई बहुमत से छत्तीसगढ़ में सत्ता में आने वाली कांग्रेस का लोकसभा चुनावों में प्रदर्शन काफी खराब रहा है।राज्य की 11 में से दो पर ही जीत हासिल हुई है।
राज्य के आस्तित्व में आने के बाद से यह परम्परा रही है कि विधानसभा चुनावों में जीतने वाली पार्टी ही लोकसभा चुनावों में 11 में से 10 सीटे जीतती रही है,पर इस बार इसके उलट विधानसभा चुनावों में हाशिए पर पहुंची भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया,और नौ सीटो पर जीत दर्ज की। कांग्रेस के खराब प्रदर्शन का अंदाजा महज इसी से लगाया जा सकता है कि मुख्यमंत्री के चुनाव क्षेत्र पाटन एवं कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य एवं राज्य के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू के क्षेत्रों में भी कांग्रेस उम्मीदवार बढ़त नही ले सका।श्री बघेल अभी मुख्यमंत्री के साथ ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का भी दायित्व संभाल रहे है,संभव है कि वह अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश करे।