मुंबई। रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की प्रेम कहानी अब शादी के बंधन में बंध कर नए रिश्ते के सफर पर निकलेगी और इस शुभ मुहूर्त के लिए दोनों इटली के लेक कोमो पहुंच चुके हैं जहाँ के एक शानदार विला में दोनों की शादी की रस्में होंगी। दोनों 14 और 15 नवंबर को शादी करने वाले हैं। अब इटली के लेक कोमो से तस्वीरें आ रही हैं। जहां उनकी शादी की तैयारियां जोरों शोरों से शुरू हो गई हैं।
गौरतलब है कि दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह की शादी में कुछ चुनिंदा लोगों को ही आमंत्रित किया गया है जिसमें मात्र परिवार और उनके मित्र गण उपस्थित होंगे। इसके बाद उन्होंने भव्य रिसेप्शन देने का निर्णय लिया है। खास बात यह रही कि दोनों इटली के लिए निकलते समय एयरपोर्ट लुक में भी एक दूसरे के साथ ड्रेस में कोआॅर्डिनेट करते नजर आए।
जहां रणवीर सिंह सफेद रंग के ट्रेडिशनल लिबास में थे, दीपिका ने सफेद स्कर्ट के साथ ट्यूनिंग की थी। रणवीर अपने चिर परिचित अंदाज में भी मीडिया फोटोग्राफरों के साथ नजर आए तो दीपिका ने भी हाथ हिला कर वेब किया। उनके चेहरे से वेडिंग ग्लो साफ झलक रहा था और झलके भी क्यों न, वेडिंग पर जाने से पहले अपने स्पेशल डे के लिए दीपिका काफी शिद्दत से जुटी हुई थीं।