मुंबई। मशहूर मलयाली अभिनेत्री मंजू वारियर और फिल्म निर्देशक सनल कुमार शशिधरन हिमाचल प्रदेश की बाढ़ में फंस गए हैं। इसकी जानकारी लोगों को तब मिली जब अभिनेत्री ने बीती रात अपने भाई मधु वारियर को फोन किया। मधु के अनुसार उनकी बहन ने बताया उनके साथ फिल्म का क्रू फंसा हुआ है। कुछ दिन पहले मंजू अपनी एक फिल्म की शूटिंग के लिए यहां आई थी।
जानकारी के अनुसार यह जगह हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले का छत्रु नाम गांव का एक गांव है। प्राकृतिक रूप से बेहद संपन्न इस गांव में कई बार दक्षिण भारतीय फिल्मों की शूटिंग के लिए कलाकार आते हैं। लेकिन इस बार मौसम का सही आकलन किए बगैर डायरेक्टर सनल कुमार शशिधरन अपनी पूरी टीम लेकर यहां आ गए। लेकिन तेज बारिश के बाद हिमाचल में बाढ़ आ गई। इसके बाद अभिनेत्री और फिल्म का क्रू वहीं फंस गए।
खाने का सामान भी हो चुका है खत्म अभिनेत्री के भाई मधु ने बताया, 'उसने कल रात मुझे सेटेलाइट फोन से कॉल किया था। उसने बताया कि वहां उसके साथ करीब 200 लोग बाढ़ में फंसे हुए हैं। इनमें फिल्म के कास्ट एंड क्रू के भी 30 लोग शामिल हैं। उसने बताया कि वह जगह छत्रु है। वह मुझसे मदद मांग रही थी। उसने बताया कि वहां खाने-पीने की चीजें भी खत्म हो चली हैं। उसने कहा कि वहां बचा खाने का सामान शायद एक दिन और चल जाए। अभिनेत्री के भाई के अनुसार, वह ज्यादा कुछ नहीं बता सकी। वो बस बार-बार मदद के लिए कह रही थी। यही कोई 15 सेकेंड की कॉल थी। जिसमें ज्यादातर समय वो मदद के लिए ही कहती रही।