19 Apr 2024, 00:17:04 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android

मुंबई। बालीवुड के जानेमाने अभिनेता और जवां दिलो के धड़कन रणवीर सिंह आज 34 वर्ष के हो गये। 06 जुलाई 1985 को मुंबई में जन्मे रणवीर सिंह बचपन के दिनों से ही अभिनेता बनने का ख्वाब देखा करते थे। रणवीर ने अपने सिने करियर की शुरूआत वर्ष 2010 में प्रदर्शित यशराज बैनर तले बनी रोमांटिक फिल्म ‘बैड बाजा बारात’ से की। इस फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिये वह सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के डेब्यू पुरस्कार से सम्मानित किये गये।
 
वर्ष 2011 में उन्हें एक बार फिर से यशराज फिल्मस की फिल्म ‘लेडिज वर्सेज रिकी बहल’ में काम करने का अवसर मिला। हालांकि यह फिल्म टिकट खिड़की पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी। रणवीर की तीसरी फिल्म ‘लुटेरा’ प्रदर्शित हुयी है। फिल्म ने टिकट खिड़की पर औसत सफलता नहीं हासिल की लेकिन उनका अभिनय दर्शकों को बेहद पसंद आया। वर्ष 2013 में रणबीर सिंह की एक और सुपरहिट फिल्म ‘गोलियो की रासलीला रामलीला’ प्रदर्शित हुयी।
 
संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर सिंह और दीपिका पादुकोण की केमेस्ट्री को दर्शकों ने बेहद पसंद किया। फिल्म ने टिकट खिड़की पर 100 करोड़ रूपये से अधिक की कमाई की। वर्ष 2014 में रणबीर सिंह को एक बार फिर से यशराज बैनर तले बनी फिल्म ‘गुंडे’ में काम करने का अवसर मिला। कोल माफियाओं के इर्द गिर्द घूमती इस फिल्म में रणबीर सिंह ने अपनी चॉकलेटी इमेज से अलग हटकर मवाली गुंडे की भूमिका निभायी।
 
फिल्म में उनका यह अंदाज दर्शकों को बेहद पसंद आया। ‘गुंडे’ टिकट खिड़की पर सुपरहिट साबित हुयी। रणबीर सिंह की वर्ष 2015 में दिल धड़कने दो और बाजीराव मस्तानी जैसी हिट फिल्म प्रदर्शित हुयी है। रणवीर सिंह की वर्ष 2018 में फिल्म ‘पद्मावत’ प्रदर्शित हुयी जिसने बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ की कमाई की है। इसी वर्ष रणवीर  की फिल्म  ‘सिंबा भी प्रदर्शित हुयी जिसने बॉक्स ऑफिस पर 240 करोड़ की कमाई की। इस वर्ष रणवीर ने दीपिका पादुकोण के साथ शादी कर ली।
 
वर्ष 2019 में रणवीर की फिल्म ‘गली बॉय’ प्रदर्शित हुयी है। जोया अख्तर के निर्देशित इस फिल्म की कहानी मुंबई की सड़कों के रैपर्स की जिंदगी पर आधारित है। फिल्म में रणवीर रैपर की भूमिका में नजर आये। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार 140 करोड़ की कमाई की। रणवीर सिंह इन दिनों फिल्म 83 में काम कर रहे हैं। फिल्म 83 में रणवीर सिंह पूर्व क्रिकेट कप्तान कपिल देव की भूमिका निभा रहे हैं।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »