मुंबई। इंग्लैंड में चल रहे क्रिकेट वर्ल्ड कप के बुखार के बीच हो रही फिल्म '83' की शूटिंग के लिए दीपिका पादुकोण लंदन पहुंच गई हैं। दीपिका ने इस बात की भी पुष्टि कर दी है कि वह इस फिल्म में अपने रीयल लाइफ पति की रील लाइफ पत्नी का भी किरदार करने जा रही हैं। शादी के बाद रणवीर और दीपिका की यह पहली फिल्म होगी, जिसमें वह एक साथ नजर आएंगे।फिल्म '83' में दीपिका पादुकोण मशहूर क्रिकेटर कपिल देव की पत्नी के किरदार में दिखेंगी। फिल्म '83' भारतीय क्रिकेट टीम की पहली वर्ल्ड कप विजय पर बन रही है, जिसके कप्तान कपिल देव थे। फिल्म में कपिल देव का किरदार रणवीर सिंह निभा रहे हैं।
अगले साल 10 अप्रैल को रिलीज होने जा रही इस फिल्म में रणवीर और दीपिका के अलावा साकिब सलीम, आर बद्री, हार्डी संधू, चिराग पाटिल, पंकज त्रिपाठी, अम्मी विर्क और साहिल खट्टर भी प्रमुख भूमिका में हैं। देश की सबसे बड़ी स्पोर्ट्स फिल्म के रूप में प्रचारित की जा रही फिल्म '83' हिंदी के अलावा तमिल और तेलुगू में भी रिलीज होगी। रणवीर सिंह और इसके निर्देशक कबीर खान की यह पहली बहुभाषी फिल्म होगी। हाल ही में रणवीर सिंह एक कार्यक्रम में पहुंचे थे जहां उन्होंने सचिन तेंदुलकर से मुलाकात की। कार्यक्रम में सचिन के अलावा क्रिकेट की दुनिया के दिग्गज विवियन रिचर्ड्स, और वसीम अकरम पहुंचे। तीनों ने एक बैट पर साइन किया।
इस बैट की बोली लगनी शुरू हुई तो रणवीर सिंह ने सबसे ज्यादा कीमत देकर इसे 2000 पाउंड यानी करीब 1.75 लाख रुपए में खरीदा। फिल्म 83 से रणवीर सिंह का लुक पिछले दिनों सामने आया था जिसमें वो हूबहू कपिल देव जैसे नजर आए थे। पिछले दिनों फिल्म की स्टारकास्ट का खुलासा हुआ था। फिल्म का निर्देशन कबीर खान कर रहे हैं। माना जा रहा है ये फिल्म 2020 में रिलीज होगी। इस बीच रणवीर सिंह के अगली फिल्म का खुलासा हो गया है। इस साल के लोकसभा चुनाव में गुजरात के नरेंद्र मोदी का डंका बच चुका है।
रणवीर ने भी जो नया किरदार अपनी अगली फिल्म के लिए चुना है, उसकी पृष्ठभूमि गुजरात की है। संजय लीला भंसाली की सुपरहिट फिल्म 'गोलियों की रासलीला-रामलीला' में गुजराती राम रजाडी के किरदार में धूम मचा चुके रणवीर अब जयेश भाई बनने जा रहे हैं और वह भी जोरदार। रणवीर की नई फिल्म का नाम है, 'जयेश भाई जोरदार।' इस फिल्म की शूटिंग वह अक्टूबर से शुरू करने जा रहे हैं।