भोपाल। राम मंदिर निर्माण को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। दिग्विजय सिंह के इस बयान पर भाजपा आक्रामक हो गई है। दिग्विजय ने कहा है कि आरएसएस को लोकतंत्र में भरोसा नहीं है। हिंदुत्व का धर्म से कोई वास्ता नहीं है। हिंदुत्व केवल राजनैतिक शब्द है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में विवादित स्थल पर मंदिर बनाने की क्या जरूरत है। यदि निर्माण करना है तो भाजपा को अदालत का निर्णय मानना चाहिए।
सोशल मीडिया पर भी दिग्विजय सिंह का यह बयान दिनभर छाया रहा। दिग्विजय ने राहुल गांधी के मंदिर जाने पर भाजपा द्वारा पूछे गए सवालों को लेकर कहा कि यदि राहुल गांधी मंदिर जा रहे हैं तो भाजपा के पेट में क्यों दर्द हो रहा है। भाजपा धर्म की बात करती है लेकिन सिहंस्थ मेले में भी बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है।
संबित पात्रा ने दिया कड़ा जवाब
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और चुनाव के लिए मप्र के मीडिया प्रभारी बनाए गए संबित पात्रा ने कहा कि यही कांग्रेस का असली चेहरा है। कांग्रेस राम विरोधी और हिंदू विरोधी है। इस बयान की वजह से मंगलवार को दिग्विजय सिंह सोशल मीडिया पर खूब ट्रोल हुए।